हजारीबाग की सियासत में बढ़ती दरार, जनता विकास पर मांग रही जवाब
क्रिकेट मैच के बहाने खुलकर सामने आई सांसद-विधायक की खींचतान, राजनीतिक कटाक्षों के बीच मूल मुद्दे फिर हाशिए पर

हजारीबाग में भाजपा के सांसद और विधायक के बीच हालिया बयानबाजी ने जिले की राजनीति में चल रही अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। क्रिकेट मैच के बहाने शुरू हुआ विवाद राजनीतिक कटाक्ष और आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया, जिसमें दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर रामायण और महाभारत के पात्रों की उपमाएं देकर निशाना साधा। मामला बढ़ने पर शीर्ष नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा। विवाद के दौरान विधायक द्वारा खनन कंपनियों और सांसद द्वारा अवैध कोयला कारोबार व लॉटरी जैसे धंधों का जिक्र किए जाने से प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक संरक्षण पर भी सवाल उठने लगे हैं। जनता अब पूछ रही है कि यदि जनप्रतिनिधियों को इन गतिविधियों की जानकारी थी तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि वर्षों से भाजपा के सांसद-विधायक रहने के बावजूद हजारीबाग में न बड़े उद्योग स्थापित हो पाए, न रोजगार के पर्याप्त अवसर बने और न ही शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ। जनता अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर विकास, जवाबदेही और स्थायी समाधान की मांग कर रही है।


